टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। आज रविवार 21जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में हुए मुख्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेना के जवानों, योग साधकों,युवाओं छात्र-छात्राओं,मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों संग सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बता लोगों से इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
अपने सम्बोधन में सीएम धामी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम ही नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। योग मन को स्थिरता प्रदान करता है एवं व्यक्ति को सकारात्मक, संतुलित एवं सफल जीवन की ओर अग्रसर करता है। वर्तमान समय में तनाव,अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती ही है साथ ही मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग,अध्यात्म और साधना की प्राचीन परंपराओं की भूमि है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। कहा कि राज्य सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति लागू की गई है, जिसके अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध एवं अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5 नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं और सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य शारदा नदी तट पर भी योग एवं आध्यात्मिक साधना को बढ़ावा देना है। इस मौके पर सीएम धामी ने सेना के जवानों के साथ "एक वृक्ष योग के नाम" अभियान के अंतर्गत बनबसा मिनी स्टेडियम परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूदः
योग दिवस कार्यक्रम के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत,आयुष सचिव रंजना राजगुरु, कुमाऊं की आईजी निवेदिताकुकरेती,डीएम मनीष कुमार,एसपी रेखा यादव, ऊधमसिंह नगर के डीएम नितिन सिंह भदौरिया,एसपी अजय गणपति,सीडीओ डॉ जीएस खाती सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं अधिकारी व अनेक क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।
बनबसा योग शिविर में मौजूद मुख्यमंत्री धामी व अन्य।
