टनकपुर/चंपावत। टनकपुर क्षेत्र में पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने 114 ग्राम स्मैक के साथ बरेली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपित ने बताया कि वह बरेली निवासी एक दंपती से स्मैक लेकर टनकपुर पहुंचा है, स्मैक कथित रूप से उसे टनकपुर में एक व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु भेजी गई है। पुलिस द्वारा बरेली के उक्त दंपती की मामले में भूमिका की जांच की जा रही है।
टनकपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा गत रात्री स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट बिचई मनिहारगोठ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध इस्लाम अंसारी पुत्र अब्दुल अंसारी निवासी एजाजनगर,सेटेलाइट के पास,थाना बारादरी,जिला बरेली उत्तर प्रदेश को दबोचा। युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 114 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने उसे स्मैक टनकपुर के एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी।
आरोपित के मुताबिक दंपति कुरियर सेवा का काम करते हैं और इसी की आड़ में स्मैक की तस्करी करते हैं। पुलिस इस जानकारी की जांच कर रही है। एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की ओर से आरोपित के खिलाफ टनकपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। युवक को पकड़ने वाली टीम में टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत,एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक कुशल नगरकोटी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन तथा कांस्टेबल उमेश राज,कुलदीप सिंह और सूरज कुमार शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी इस्लाम अंसारी।
