टनकपुर/चंपावत। टनकपुर पुलिस,एसओजी व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम शहर से कुछ दूर बिचई क्षेत्र में एक बाइक में सवार 2 लोगों को रोक पूछ-ताछ की गई। शक होने पर टीम द्वारा उनकी तलाशी ली जिसमें उनके पास से 1.104 किग्रा अफीम बरामद की गई है। पकड़े गए दोनों आरोपी मामी और भांजा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18 व 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस मीडिया ग्रुप से मिली जानकारी के मुताबिक गत 17 अक्टूबर की शाम बिचई से लगे अन्डरपास के निकट बाइक में सवार 2 लोगों की तलाशी में अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी जसपाल वर्मा निवासी बंडिया भट्टा,किच्छा ऊधमसिंह नगर और उसकी सगी मामी रेशमवती निवासी ग्राम बैटरा रिसौली,बदायूं(उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 1 किलो 104 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 2.10 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रेशमवती ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी सिरौली,बरेली(उत्तर प्रदेश) से खरीदकर लाना बताया है। साथ ही यह भी पता चला कि यह अफीम एक नेपाली व्यक्ति को दी जानी थी। पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने व इस प्रकरण में प्रत्यक्ष-परोक्ष लिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
टनकपुर कोतवाल चेतन रावत के नेतृत्व में अफीम तस्करी में लिप्त लोगों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट,एएनटीएफ प्रकाश भट्ट,हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी,नासिर हुसैन,महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल उमेश राज,ललित कुमार,संजय कुमार, राजकुमार,कुलदीप सिंह,सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा आदि शामिल रहे।
पुलिस गिरफ्त में अफीम तस्कर।
