टनकपुर /चम्पावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक सितंबर को टनकपुर दौरे पर आ रहे हैं। यहां धामी डा. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान का निरीक्षण करेंगे। सीएम के प्रस्तावित भ्रमण एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने शनिवार को टनकपुर पहुंच संस्थान का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल,नवनिर्मित बालिका छात्रावास तथा संस्थान में नए सृजित संकायों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रबंधन को आवश्यकदिशा-निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) परिसर स्थित प्रौद्योगिकी संस्थान के विस्तारीकरण एवं विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीयसुविधाएं विकसित करने के साथ ही आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।==
डीएम ने इंजीनियरिंग छात्रों से किया संवादः
टनकपुर। जिलाधिकारी ने अपने इंजीनियरिंग छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कालेज के चार वर्ष कब बीत जाते हैं, इसका पता भी नहीं चलता। उन्होंने विद्यार्थियों से इस समय का सदुपयोग करने और पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को इंडस्ट्रियल विजिट करने, नियमित मॉक अभ्यास एवं प्रैक्टिकल लर्निंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। विद्यार्थियों से उत्तराखंड के महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधता को समझने और उसे एक्सप्लोर करने का भी आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील भी की। इस दौरान छात्रों ने जिलाधिकारी से टापर बनने की रणनीति, परीक्षा के समय तनाव से बचने,समय प्रबंधन तथा करियर प्लानिंग को लेकर जानकारियां भी लीं।
टनकपुर में इन्जीनियरिंग कालेज में छात्रों के बीच सीएम।
