टनकपुर/चम्पावत। रोडवेज के संविदा व विशेष श्रेणी कर्मचारियों का आंदोलन आज छुट्टी के बावजूद जारी रहा। आन्दोलन के आठवें दिन गुरुवार को भी कर्मचारियों ने अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर नारेबाजी की।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संगठन की ओर से कल यानी शुक्रवार को आन्दोलन के नवें दिन धरना स्थल से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश भट्ट ने कहा कि रोडवेज के 3 हजार संविदा और विशेष श्रेणी चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मी अपने भविष्य को लेकर खासे चिंतित हैं। संगठन की मांग है कि नियमितीकरण में संशोधन कर कट ऑफ डेट 2026 एवं विशेष श्रेणी कार्मिकों को नियमावली में शामिल कर नियमित नियुक्ति दी जाए। संगठन ने 31 मई तक क्रमिक अनशन, फिर भी मांग नहीं माने जाने पर 1 जून से आमरण अनशन करने का ऐलान किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को कर्मचारी जुलूस की शक्ल में तहसील कार्यालय पहुंचेंगे और प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंंपेगे। उन्होंने बताया कि जब तक कर्मचारियों के नियमितीकरण का शासनादेश नहीं हो जाता उनका आंदोलन जारी रहेगा। आज धरना-प्रदर्शन में सुंदर सिंह फरीद अहमद, दीपक सिंह अधिकारी, भगवान सिंह, विकास कुमार, सुनील कलौनी, गौरव गुप्ता, मनीष कुमार, जीवन सिंह, जगत सिंह बोरा, रमेश कुमार, सचिन कुमार, पूरन सिंह, ललित प्रसाद, दीपक, विनोद चंद, माधवानंद आदि शामिल रहे।
रोडवेज परिसर में धरना प्रदर्शन करते कर्मचारी।
